Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में समय से पहले होगी भारी बारिश
देश में समय से दो दिन पहले पहुंचने के बाद इस बार मानसून की गति तेज है। मानसून पहले 10 जून तक पूर्वोत्तर क्षेत्र में पहुंच जाता था, लेकिन इस बार यह 3 जून को ही वहां पहुंच गया है।
बिहार में गर्मी से बेहाल शिक्षकों को राहत…, बदल गया स्कूल का समय; शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला
मौसम विभाग के अनुसार 5 से 7 जून के बीच पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश और आंधी आने की संभावना है। यह स्थिति राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बनने की संभावना है।
उम्मीद है कि बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में समय से पहले मानसून दस्तक दे सकता है। आमतौर पर इन इलाकों में 10-15 जून तक मानसून प्रवेश कर जाता है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को मानसून मध्य अरब सागर, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्सों और पूरे पूर्वोत्तर राज्यों में पहुंच गया है। अगले 4-5 दिनों के दौरान कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और छत्तीसगढ़ में मानसून की बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में आईएमडी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली तेज हवाएं अगले हफ्ते बारिश ला सकती हैं। दरअसल, इस बार मानसून ने केरल और पूर्वोत्तर में एक साथ दस्तक दी है। पूर्वोत्तर के रास्ते देश के पूर्वी हिस्सों में भी मानसून के प्रवेश करने की संभावना है।
भीषण गर्मी और सूखे से जूझ रहे बेंगलुरु में जून के महीने में बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2 जून को यहां 111.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 133 सालों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले बेंगलुरु में जून में औसत बारिश 101.6 मिमी हुई थी, जो 16 जून 1891 को हुई थी।
रविवार शाम को हुई बारिश के कारण बेंगलुरु में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर जलभराव के कारण जाम लग गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आईएमडी ने अगले 48 घंटों के दौरान कर्नाटक में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है।
उत्तर भारत में पांच दिन तक जारी रहेगी लू, रातें भी होंगी गर्म
उत्तर भारत के राज्यों में मई माह में पड़ने वाली लू और भीषण गर्मी का असर जून में भी जारी रहेगा। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को जारी चेतावनी के अनुसार अगले पांच दिन तक 12 राज्यों में लू चलेगी। इस दौरान रातें भी गर्म रहेंगी और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, गोवा, दिल्ली और गंगीय पश्चिम बंगाल में गर्म मौसम के साथ लू चलने का अलर्ट है।