Weather Alert: बिहार में मानसून के आगमन से पहले ही बदला मौसम, पटना और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार तक राहत…

Bihar Weather Update : बिहार में मौसम का मिजाज हर रोज बदल रहा है। मानसून के आगमन से ठीक पहले ऐसा होना स्‍वभाविक है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को इसके लिए सतर्क किया है। फिलहाल कुछ इलाकों में बारिश तो बाकी जगह उमस भरी गर्मी के आसार हैं।

Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव का क्रम जारी है। शनिवार की सुबह से ही उत्‍तरी बिहार के तराई वाले जिलों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है । वही मध्य बिहार एवं दक्षिणी भाग में उमस लोगों को पसीना छुड़ा रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो दिनों तक मध्य बिहार में उमस लोगों को परेशान कर सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में प्री मानसून का दौर चल रहा है। ऐसे में प्रदेश में मौसम बदलता रहेगा। कभी तेज धूप, कभी आंधी एवं कभी बारिश होती रहेगी। फिलहाल चंपारण से लेकर पूर्णिया एवं अररिया तक आंधी के साथ बारिश होने के आसार बन रहे हैं।

बिहार के मौसम में गुरुवार की दोपहर बाद से ही बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को पटना समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में आंधी के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। पिछले 24 घंटों के दौरान पटना के तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इसके साथ तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि औरंगाबाद के तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट आई है। शुक्रवार को 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद सबसे गर्म शहर रहा।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सिवान को छोड़कर शेष सभी इलाकों के तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में पुरवा व पछुआ की मजबूत स्थिति बनी हुई है। जिसके प्रभाव से मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिल रहा है।

प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी भागों एवं दक्षिण भागों के खगडिय़ा, भागलपुर, बांका जिले के एक दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान है जिसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से येलो-अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के शेष भागों में मौसम सामान्य रहने के आसार है, जबकि पटना व इसके आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार तक बादल छाए रहने के साथ बिजली चमकने के आसार है। इसके प्रभाव से तापमान सामान्य रहने का पूर्वानुमान है।

प्री-मानसून के दौरान जिलों में बारिश …मौसम विज्ञानी की मानें तो प्री-मानसून के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हुई है। इन मौसमी गतिविधियों को देखने के बाद समय से पूर्व मानसून आने का संकेत मिल रहा है। जिसके कारण प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्णिया जिले के डेंगराघाट में सर्वाधिक बारिश 95.2 मिमी दर्ज की गई।

कटिहार के कदवा में 44.2 मिमी, खगडिय़ा के बलतारा में 38.2 मिमी, खगडिय़ा में 35.0 मिमी, दरभंगा के बेनीबाद में 34 मिमी, कटिहार के बलरामपुर में 30.2 मिमी, पूर्णिया के अमौर में 27.4 मिमी, पूर्णिया में 27.3 मिमी, सुपौल के बीरपुर में 26 मिमी, अररिया में 25.8 मिमी, अररिया के सिकटी में 24.2 मिमी, किशनगंज में 23.8 मिमी एवं किशनगंज के तैयबपुर में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्री-मानसून सीजन में सामान्य से सात फीसद अधिक बारिश दर्ज की गई।

तीन जिलों को छोड़ प्रदेश के शेष शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे …मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश के रोहतास, औरंगाबाद, नवादा तीन जिलों को छोड़ शेष भागों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।

बिहार के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 

रोहतास          42.0

औरंगाबाद       42.6

नवादा           40.3

बक्सर –        39.3

पटना            37.0

मुजफ्फरपुर      31.6

वैशाली          35.0

समस्तीपुर       31.7

दरभंगा          32.4

सिवान           38.0

गया             39.8

नालंदा          36.1

शेखपुरा         37.9

जमुई           35.5

बांका          33.4

भागलपुर       33.0

कटिहार        31.1

अररिया        30.1

पूर्णिया         29.5

सुपौल        31.1

पूर्वी चंपारण   33.5

पश्चिमी चंपारण  36.1

(अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)

आंधी के दौरान लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है। खासकर बिजली के खंभों एवं ऊंचे पेड़ों से दूर रहने में ही भलाई है। उत्‍तरी बिहार के कुछ भागों में वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में जैसे ही बिजली कड़कने लगे लोग पक्के मकानों में या अन्य सुरक्षित स्थानों में शरण ले तो ज्यादा बेहतर होगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उमस से बचने के लिए लोगों को हवादार जगहों पर रहना ठीक रहेगा। वर्तमान में राजधानी का तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस बने रहने की उम्मीद है। वहीं उत्तरी बिहार के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।