Bihar Weather: बिहार में और सर्द होंगी रातें, पछुआ हवा बढ़ाएगी ठिठुरन; अगले 48 घंटे तक साफ रहेगा मौसम

Bihar Weather:बीते 24 घंटे में राजधानी समेत राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा। वहीं, रात के तापमान में हल्की गिरावट भी देखी गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि राज्य का अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र से जारी बुलेटिन के अनुसार, छपरा का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री, पटना में 10.5 डिग्री, गया में 13.1 डिग्री, भागलपुर में 12.8 डिग्री, पूर्णिया में 12.9 डिग्री, बाल्मीकी नगर में 10.6 डिग्री, मुजफरपुर व दरभंगा में 13 डिग्री, सुपौल में 13.9 डिग्री, फारबिसगंज में 10.5 डिग्री, मोतिहारी में 11.6 डिग्री, गोपालगंज में 11.3 डिग्री, जीरादेई में 12.4 डिग्री, समस्तीपुर में 11 डिग्री और सहरसा में 13.3 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को प्रदेश के एक या दो स्थानों पर हल्के स्तर का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। वहीं, सतह से 0.9 किमी तक प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह प्रारंभ हो चुका है। पछुआ हवा के प्रवाह से हवा में नमी होने से कनकनी व ठंड बढ़ने के आसार हैं।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

हालांकि, अगले दो दिनों तक (24 से 48 घंटे) राज्य भर में मौसम साफ रहेगा। उधर, मौसम के आंकड़ों के अनुसार चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पश्चिमी बिहार में और अन्य इलाकों में समुद्र तल के सतह से 1.5 किमी तक बना हुआ है। पछुआ हवा के प्रवाह के कारण आसमान साफ होगा, जबकि रात के तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट की संभावना है। मौसम के उपग्रहीय विश्लेषण से ज्ञात हुआ है कि चार जनवरी तक न्यूनतम तापमान आठ डिग्री से लेकर 20 डिग्री के ऊपर बना रहेगा। अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना मौसम विज्ञान केंद्र ने जताई है।

पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड, दिन-रात का पारा गिरा

दिन में धूप खिलने के बावजूद मध्यम गति से बह रही पछुआ हवा भागलपुर में हल्की ठंड का अहसास करा रही है। बीते 24 घंटे में जिले में बह रही पछुआ हवाओं ने दिन-रात के पारे को गिरा दिया है। इससे लोगों को दिन से ज्यादा रात में ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को प्राप्त सांख्यिकी मॉडल एवं उपग्रहीय तस्वीरों से पता चलता है कि सतह से 0.9 किमी ऊपर तक भागलपुर में पछुआ हवा बह रही है।

एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पश्चिमी बिहार एवं आसपास समुद्र तल से 1.5 किमी तक विस्तारित है। पछुआ हवा के कारण अगले एक से दो दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयेगी। सुबह में हल्का कोहरा या फिर धुंध छाये रहने की संभावना है।