Today Weather: उत्तर बिहार में कब होगी बार‍िश, मौसम व‍िभाग ने जारी क‍िया पूर्वानुमान

मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के जिलों में अगले एक-दो दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। उसके बाद मानसून आने की संभावना है। शुक्रवार को सुबह आसमान में बादल छाए रहे।

दिन में उमस भरी गर्मी रही। डा.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने पांच दिन का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार 14 से 15 जून के बीच मानसून दस्तक देगा। दो दिन मानसून पूर्व बारिश की संभावना है। इस बीच अधिकतम तापमान 33.1 जो सामान्य से 3.3 कम व न्यूनतम 25.2 जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार एक-दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद मानसून आने की संभावना से 14-15 जून के आसपास हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 37 व न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 90 व दोपहर में 30 से 40 प्रतिशत रहेगी। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 18 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

सामान्य से अधिक हो सकती बारिश

मौसम विभाग के वरीय वैज्ञानिक सह नोडल पदाधिकारी डा. ए.सत्तार ने बताया कि अल-नीनो का प्रभाव इस बार नहीं रहेगा। इससे मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। सामान्य बारिश 1230 मिलीमीटर होती है। इससे 25 से 30 प्रतिशत ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि जिस वर्ष अल-नीनो की सक्रियता बढ़ती है, उस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून पर उसका असर निश्चित रूप से पड़ता है। अल-नीनो के कारण सूखे की स्थिति पैदा होती है, जबकि ला-नीना से अत्यधिक बारिश होती है।

किसानों को सुझाव

वर्तमान मौसम धान की सीधी बुआई के लिए उपयुक्त है। इसके लिए धान की राजेंद्र नीलम किस्म अनुशंसित है। किसान इस इस किस्म का चयन कर उचास जमीन में बोआई करें। वहीं, जिनके पास ङ्क्षसचाई की सुविधा पर्याप्त हो तथा लंबी अवधि वाले धान लगाना चाहते हैं वे राजश्री, राजेंद्र मंसूरी, स्वर्णा सब-1 व वीपीटी-5204 आदि किस्में जल्द से जल्द बीजस्थली में गिराने का प्रयास करें। बीज गिराने से पहले उसे उपचारित कर लें। वहीं, जिन किसानों ने अब तक हल्दी व अदरक की बोआई नहीं की है वे अतिशीघ्र बोआई करें।