बिहार में 15 व 16 जून को गरज के साथ होगी बारिश, येलो अलर्ट जारी

मानसून के समय पर आगमन के बाद राज्य के उत्तर भाग में इसका असर दिखने लगा है। बुधवार और गुरुवार को राज्य के अन्य हिस्सों में इसके प्रसार के आसार हैं। उत्तर बिहार के अन्य हिस्सों में मंगलवार को इसका प्रसार देखा गया। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसमविदों के मुताबिक, मौसमी सिस्टम के अनुसार एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा पूर्वी यूपी से मणिपुर तक मध्य बिहार, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम से होकर गुजर रही है। इससे सूबे के मौसम में बुधवार से बदलाव के आसार हैं। इसे देखते हुए बुधवार और गुरुवार को पटना सहित राज्य के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश के आसार हैं।

बादल छाने से उत्तर बिहार के साथ दक्षिण बिहार के शहरों में भी तापमान में आंशिक गिरावट आएगी। पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी भाग के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल आदि जिलों में मानसून की बारिश हुई। सुपौल के भीमनगर में सर्वाधिक बारिश 48.4 मिमी दर्ज की गई।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

मंगलवार रात और बुधवार की सुबह उत्तर बिहार के 10 जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ मध्यम व भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। सभी जिलों में बिजली चमकने व बारिश की गतिविधियां शनिवार तक बने रह सकते हैं। मौसम में बदलाव से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिलेगी।

पटना सहित चार जिले रहे हीट वेव की चपेट में : प्रदेश के 11 जिलों के मंगलवार को तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। वहीं शेष जिलों का तापमान सामान्य रहा। प्रदेश का बक्सर जिला दूसरे दिन भी सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पटना का अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री की वृद्धि के साथ 41.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

वहीं नालंदा का तापमान 0.8 डिग्री की वृद्धि के साथ 43.7 डिग्री, वैशाली का 0.4 डिग्री के साथ 40.5 डिग्री, सीवान का 1.4 डिग्री वृद्धि के साथ 41.4 डिग्री, नालंदा का 0.5 डिग्री वृद्धि के साथ 43.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार को दक्षिण बिहार के पटना, गया, बक्सर और औरंगाबाद में हीट वेव की स्थिति रही।

भीमनगर में सर्वाधिक बारिश 48.4 मिमी : पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर बिहार के सुपौल जिले के भीमनगर में सर्वाधिक बारिश 48.4 मिमी दर्ज की गई। वहीं किशनगंज के ठाकुरगंज में 33.6 मिमी, गलगलिया में 27 मिमी, तैयबपुर में 26 मिमी, सुपौल के बीरपुर में 24 मिमी, किशनगंज में 15.8 मिमी, मधुबनी के जयनगर में 14.3 मिमी, अररिया के फारबिसगंज में 14.2 मिमी, अररिया के नरपतगंज में 6.4 मिमी, किशनगंज के बहादुरगंज में 6.4 मिमी, नवादा के हिसुआ में 4.4 मिमी और नरहट में 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।