राजस्थान से आ रही गर्म पश्चिमी हवा का प्रभाव प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बना हुआ है। 10-12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ चल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के 19 जिले लू की चपेट में हैं।
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इस साल अप्रैल का सबसे गर्म दिन मंगलवार रहा। अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 44.7 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का सर्वाधिक गर्म शहर दर्ज किया गया।
दो दिनों तक रहेगी लू की स्थिति : मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक लू की स्थिति बनी रहेगी। दो दिनों बाद प्रदेश में पुरवा के प्रवाह से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
प्रदेश के उत्तर-पूर्व हिस्से के पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में शुक्रवार व शनिवार को मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के दक्षिणी भागों के कई शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।