मुजफ्फरपुर। सुबह में तेज हवा के साथ खिली धूप, शाम में कनकनी और देर रात झमाझम बारिश। गुरुवार को मौसम ने इस तरह अपना अंदाज बदला। देर रात अचानक गरज वाले बादल के साथ कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं बूंदाबादी। इस बारिश गेहूं उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचा है। वहीं आगात आलू किसानों को नुकसान होने की आशंका है।
वहीं मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि उत्तर बिहार के जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना है। अनेक स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों में मौसम का यही हाल रहेगा। शुक्रवार को आसमान में गरज वाले बादल बन सकते हैं। इस दौरान उत्तर बिहार के कई स्थानों पर हल्की-हल्की वर्षा हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 7 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अगले एक-दो दिनों तक पछुआ हवा तथा उसके बाद पुरवा हवा चलने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत रहने की संभावना है। समसामयिक सुझाव में कहा गया है कि किसान कृषि कार्यों में सतर्कता बरतें। खड़ी फसलों में सिचाई स्थगित रखें। फसलों में कीटनाशक का छिड़काव मौसम साफ रहने पर करें। पशुओं की देखभाल करते रहे। उनको गर्म स्थल पर ही बांधें।