Raksha Bandhan 2021: होगी अमृत तत्व की प्राप्ति! इस मंत्र के साथ भाई को बांधे राखी, सुपौल के आचार्य ने बताई सही विधि

सुपौल। Raksha Bandhan 2021: श्रद्धा, विश्वास एवं भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन इस बार अमृत योग में मनाया जाएगा। इस बार 22 अगस्त को श्रावणी पूर्णिमा के दिन मनाए जाने वाला पर्व रक्षाबंधन में भद्रा दोष नहीं रहने के कारण अमृत तत्व की प्राप्ति होगी। राखी का आध्यात्मिक, धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है।

यह स्नेह का वह अमूल्य बंधन है, जिसका बदला धन से नहीं चुकाया जा सकता। महाभारत के अनुसार द्रोपदी भगवान श्रीकृष्ण को भाई मानती थी। एक बार कृष्ण भगवान की अंगुली कट गई। द्रोपदी ने अपनी साड़ी फाड़कर मधुसूदन की अंगुली पर एक पट्टी बांध दी। चीर हरण होने पर कृष्ण भगवान ने उसकी लाज रखी और जीवनभर उसकी सहायता की।

भाई-बहन का पवित्र प्रेम और भावना के इस त्यौहार का माहात्म्य बताते हुए आचार्य पंडित धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने कहा कि श्रावण शुक्ल पूर्णिमा को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। आचार्य ने बताया कि देवलोक का रक्षाबंधन पर्व धरती पर भी शुरू हुई।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

रक्षाबंधन के चलन के बीच सबसे गंभीर परिवर्तन इस रूप में हुआ कि रक्षा से अभिमंत्रित धागों को देवलोक में पत्नी द्वारा पति की कलाई पर बांधा जाता रहा, जबकि धरती पर बहन द्वारा भाई की कलाई पर बांधे जाने लगा। देवलोक में सर्वप्रथम रक्षा के धागों को पत्नी इंद्राणी द्वारा अपने पति इंद्र को बांधा गया था। इसे ही पति रक्षा सूत्र भी कहा गया है।

आचार्य धर्मेंद्र नाथ ने बताया कि प्राचीन काल में एक बार देव और असुरों में 12 वर्षों तक भीषण युद्ध हुआ। ऋग्वेद में इस युद्ध के बारे में विशेष उल्लेख है इसी युद्ध को वैदिक इतिहास में देवासुर संग्राम के नाम से जाना जाता है। इस संग्राम के प्रारंभिक चरणों में देवराज इंद्र की पराजय हुई।

देवता लोग कांतिहीन हो गए। इंद्र भी विजय की आशा छोड़कर रणभूमि से भाग खड़े हुए और अमरावती नामक तीर्थ में जा छिपे। अपनी पराजय से चिंतित होकर इंद्र ने गुरु बृहस्पति से परामर्श किया और दानवों से प्राणांतक युद्ध करने की मशा बताई तथा इंद्र ने यह आशंका जताई कि दानव बली और मायावी हैं। युद्ध में इंद्र को मारे जाने का भी खतरा है।

इसी को लेकर देव गुरु बृहस्पति ने श्रावण पूर्णिमा के दिन रक्षा विधान करने के लिए कहा। इसके लिए उन्होंने इंद्र की धर्मपत्नी इंद्रानी को इस विधान की पूर्ण विधि भी बताई एवं मंत्र भी बताया। देव गुरु बृहस्पति के निर्देशानुसार श्रावण पूर्णिमा को प्रातकाल ही रक्षा विधान को विधिवत संपन्न किया और देव पुरोहितों द्वारा की जा रही स्वस्तिवाचन के बीच इंद्रानी ने इंद्र की दाईं कलाई पर रक्षा की उस पोटरी को बांध दिया जिसे बृहस्पति ने अभिमंत्रित किया था। इसी रक्षा सूत्र के बल पर इंद्र की दानवों से रक्षा हो पाई और उन्होंने उन पर विजय श्री भी प्राप्त किया।

इस देवासुर संग्राम में देवताओं की ओर से युद्ध करने के लिए धरती से भी कई तेजस्वी राजा गए हुए थे। उन्होंने जब रक्षा मंत्र, रक्षा विधान और रक्षाबंधन की ऐसी महिमा देखी तो सहज मानव स्वभाव से प्रेरित होकर वे इस अनुष्ठान को धरती पर भी ले आए तथा इसे यहां प्रचलित किया। इस विधान में सबसे बड़ा बदलाव यह हुआ कि धरती पर इसे बहन द्वारा भाई की कलाई पर बांधा जाने लगा। इस रक्षाबंधन के प्रभाव से हमारे समाज में भी बहुत सुधार हुआ है।

कुछ ऐसे नियम प्रतिपादित हुए जिनमें समाज को बहुत लाभ हुआ और दुराचार से लोगों को राहत मिली। भारतीय संस्कृति में स्त्री को भोगदासी ना समझ कर उसका पूजन करने की संस्कृति है। कलयुग में हम सबों को रक्षाबंधन की आवश्यकता है। मंत्रों की शक्ति प्राप्त किए धागे ब्रह्मांड में व्याप्त दिव्य शक्ति के प्रति प्रेम व श्रद्धा का उद्घोष तो करते ही हैं साथ ही साथ मुसीबत के समय में ईश्वरीय सहायता को भी आकर्षित करते हैं। शायद इसी वजह से इस त्यौहार को हर बुराई से बचाने वाला पर्व भी कहा जाता है।

बहनें ऐसे करें व्रत

व्रत विधि : व्रती को चाहिए कि इस दिन प्रात: सुविधि स्नान करके देवता, पितर और ऋषियों का तर्पण करें। दोपहर के बाद ऊनी, सूती या रेशमी पीत वस्त्र लेकर उसमें सरसों, सुवर्ण, केसर, चंदन, अक्षत एवं द्वीव रखकर बांध ले। फिर कलश स्थापन कर उस कलश पर रक्षा सूत्र रखकर विधि पूर्वक उसका पूजन करें। उसके बाद विद्वतजन से रक्षा सूत्र को दाहिने हाथ में बंधवाना चाहिए।

इन मंत्रों के साथ बांधे राखी

कोरोना वायरस को लेकर जारी गाइड लाइन को देखते हुए आचार्य पंडित धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने भाई-बहन से सरकारी निर्देशों एवं सतर्कता से पर्व मनाने की अपील की है। साथ ही आचार्य ने कहा कि भाई को पूर्वाभिमुख यानि पूर्व दिशा की ओर बिठाएं तथा बहन का मुंह पश्चिम दिशा की ओर होना चाहिए। इसके बाद भाई के माथे पर टीका लगाकर दाहिने हाथ पर बहनें रक्षा सूत्र यानि राखी बांधे। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार रक्षा सूत्र बांधे जाते समय ‘येन बद्धो बलिराजा, दानवेन्द्रो महाबलः तेनत्वाम प्रति बद्धनामि रक्षे, माचल-माचलः’ मंत्र पढ़े। साथ ही रक्षा सूत्र (राखी) बांधने के बाद भाई की आरती उतारें, फिर भाई को मिठाई खिलाएं। बहन यदि बड़ी हों तो छोटे भाई को आशीर्वाद दें और यदि छोटी हों तो बड़े भाई को प्रणाम कर आशीर्वाद ग्रहण करें।

रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त

आचार्य धर्मेन्द्रनाथ ने बताया कि रक्षाबंधन का शुभ समय सूर्योदय से आरंभ होकर 10:25 तक है। इसके बाद 1 बजकर 38 मिनट से संध्याकाल 5 बजकर 9 मिनट तक शुभ मुहूर्त है।