Moonsoon Update: 14 तक धनबाद में मानसून का आगमन, अभी जारी रहेगा स्वागत में आंधी,तूफान के साथ बारिश

धनबाद : पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हुई। इस दौरान तेज आंधी बारिश से दर्जनों पेड़ उखड़ कर गिर गए। झुग्गी झोपड़ी में भी प्रभावित हुई।

मौसम में यह बदलाव अभी एक-दो दिनों तक जारी रहेगा। 14 जून तक धनबाद में मानसून के आगमन के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। मानसून के आगमन से पहले मौसम उसका स्वागत करने में लगा है। मानसून के स्वागत में ही आसमान में ढोल नगाड़े बज रहे हैं और झमाझम बारिश हो रही है।

रविवार को भी सुबह से चटक धूप खिली होने के बाद दोपहर बाद से मौसम में बदलाव का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से असम के पश्चिमी हिस्से तक बनी बादलों के श्रृंखला से मौसम में उथल-पुथल हो रहा है। यही बादल बिहार और पश्चिम बंगाल के हिमालय वाले क्षेत्र तक फैले हुए हैं।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के उत्तर पूर्वी हिस्से में भी बादलों के श्रृंखला बनी हुई है। इन दोनों सिस्टम के प्रभावी होने से धनबाद समेत राज्य के कई हिस्से में मौसम में बदलाव आ रहा है। रविवार को भी इस सिस्टम के सक्रिय रहने का अनुमान है।

इससे बादल गरजने, तेज आंधी – तूफान के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने मॉनसून का अपडेट भी जारी किया है। ताजा अपडेट के मुताबिक , मानसून अरब सागर के ज्यादातर हिस्से तक पहुंच चुका है। कोंकण, मुंबई, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक में 11 जून को मानसून ने दस्तक दे दी। आगे भी मानसून के सक्रिय रहने के संकेत मिल रहे हैं। इसके साथ ही अगले दो-तीन दिनों में मानसून के ओडिशा, पश्चिम बंगाल , झारखंड और बिहार में प्रवेश की संभावना है।

पिछले वर्ष मानसून का झारखंड में प्रवेश धनबाद के रास्ते ही हुआ था और मानसून की विदाई भी धनबाद के रास्ते हैं हुई थी। इस दौरान काफी अच्छी बारिश हुई थी। मानसून के दौरान सामान्य से काफी अधिक बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था। इस बार भी मानसून के दौरान अच्छी बारिश का अनुमान है।