LIVE बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव रिजल्‍ट: पटना, सहरसा, जमुई, शिवहर व बक्‍सर से आए पहले नतीजे, जानिए कौन जीता चुनाव

पटना। बिहार में छठे चरण के पंचायत चुनाव की मतगणना के रिजल्‍ट अब आने शुरू हो गए हैं। पहले परिणाम सहरसा, जमुई, शिवहर व बक्‍सर से आए हैं। पटना से भी परिणाम आने लगे हैं। राज्‍य के 37 जिलों के 57 प्रखंडों के 848 पंचायतों में जिला परिषद सदस्‍य, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्‍य, वार्ड सदस्‍य एवं पंच के पदों के 26 हजार के अधिक पदों के लिए पंचायत चुनाव के छठे चरण की मतगणना जारी है। कुछ केंद्रों पर मतगणना अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। छठे चरण के 3540 हुए प्रत्‍याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मतगणना के पल-पल के अपडेट के लिए लगातार बने रहिए हमारे साथ।

Bihar Panchayat Mukhiya Chunav Result 2021 LIVE UPDATES

10.07 AM- औरंगाबाद के गोह प्रखंड के हथियारा पंचायत के मुखिया पद सत्येन्द्र यादव ने जीत हासिल की है। सत्येन्द्र यादव को 1031 वोट मिले हैं, जबकि मनोज कुमार को 881 मत मिले।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

10:00 AM- पटना के पुनपुन की बेहरावां पंचायत से निवर्तमान मुखिया जयप्रकाश पासवान 241वोट से चुनाव हार गए हैं। वहीं रवि कुमार जीते हैं। पटना के मसौढ़ी प्रखंड की चरमा पंचायत से गुड्डी देवी निर्वाचित घोषित हुईं हैं।

09:55 AM- लगातार आते जा रहे हैं चुनाव परिणाम। जमुई के चकाई की पराची पंचायत से इलायची देवी तथा रामचंद्रडीह पंचायत से बुधो रजक मुखिया पद पर निर्वाचित।

09:45 AM- शिवहर की अदौरी पंचायत से मुखिया पद पर लगातार तीसरी बार समीर सौरभ जीते। बक्सर की कमरपुर पंचायत से भी कलावती देवी ने मुखिया का चुनाव जीत लिया है।

09:40 AM- मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड की 21 पंचायतों की मतगणना टीपी कालेज में शुरू है। मतगणना केंद्र के अंदर शराब पीकर प्रवेश कर रहे टिकुलिया के एक अभिकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

09:30 AM- जमुई के चकाई में बरमोरिया से सबिना हेंब्रम ने श्याम मूर्मू को, पोझा पंचायत से मो. अब्बास ने निवर्तमान मुखिया अवध किशोर शर्मा को तथा परास्त कर दिया है। बोंगी पंचायत से सुखदेव मुर्मू मुखिया निर्वाचित हुए हैं।

09:15 AM- सहरसा के सोनवर्षा प्रखंड से आया पहला परिणाम। सोनवर्षा प्रखंड की लगमा पश्चिमी पंचायत से प्रिया सिंह ने जीता मुखिया का चुनाव। उन्‍होंने प्रेमा देवी को हराया।

09:00 AM- पंचायत चुनाव के छठे चरण के लिए मोतिहारी के डायट परिसर में चकिया व कल्याणपुर की मतगणना हो रही है। इस चुनाव में विशेष तौर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष एवं चकिया जिला परिषद 35 के उम्मीदवार कमलेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर है। मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्‍याशियों के समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। बेतिया में भी मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ उमड़ रही है।

08:45 AM- पटना के पुनपुन में अभी तक मतगणना शुरू नहीं हो सकी है। उम्‍मीद है कि मतगणना नौ बजे शुरू हो जाएगी। इस संबंध में अभी और जानकारी नहीं मिली है।

08:25 AM- गोपालगंज के फुलवरिया व उचकागांव प्रखंडों में मतदान के बाद मतगणना थावे डायट में बनाए गए केंद्र में हो रही है। दोनों प्रखंडों की मतगणना के लिए अलग-अलग पांच-पांच हाल बनाए गए हैं। सुबह नौ बजे तक पहला परिणाम प्राप्त होने की संभावना है।

08:05 AM- छठे चरण के पंचायत चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो गई है। कुछ मतगणना केंद्रों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहां भी मतगणना जल्‍दी ही शुरू हो जाएगी।

07:50 AM- छठे चरण के चुनाव में सर्वाधिक 53192 प्रत्‍याशी वार्ड सदस्य पद के लिए हैं। ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 19633, पंचायत समिति सदस्य के लिए 7844, मुखिया के लिए 6976, सरपंच के लिए 5165 प्रत्‍याशी मैदान में हैं। जिला परिषद सदस्य पद के लिए 1378 प्रत्‍याशी हैं।

07:25 AM- समस्तीपुर के मोरदीवा स्थित महिला आइटीआइ के मतगणना केंद्र पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। समस्‍तीपुर में छठे चरण में खानपुर और शिवाजीनगर की 36 पंचायतों के लिए मतगणना होनी है। मतगणना केंद्र पर प्रत्येक पंचायत के लिए 14 अलग-अलग टेबल लगाए गए हैं।

07:15 AM- मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम दिख रहे हैं। वहां के रास्‍तों पर भी आवागमन को नियंत्रित किया गया है। केेंद्रों के आसपास प्रत्‍याशियों के समर्थक जुटने लगे हैं।

07:00 AM- बिहार के 37 जिलों में मतगणना एक घंटे बाद आरंभ हो जाएगी। इसके लिए मतगणना कर्मी अंतिम तैयारियों में जुटे हैं। केंद्रों पर प्रत्‍याशियों व उनके प्रतिनिधियों का आना जारी है। उन्‍हें जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है।

06:30 AM- बिहार पंचायत चुनाव के छठे चरण में कुल संख्या 94,188 प्रत्‍याशी मैदान में है। इसमें 43,840 पुरुष और 50,348 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। मुखिया के 848, पंचायत समिति सदस्य के 1,186, वार्ड सदस्य के 11,592, सरपंच के 848 व पंच के 11,592 पदों के लिए चुनाव हुए हैं। जिला परिषद सदस्य के 134 पदों के लिए भी आज फैसला होगा।

06:00 AM- बिहार में पंचायत चुनाव के छठे चरण मा मतदान बीते तीन नवंबर को हुआ था। इसके बाद दीपावली व छठ पर्व के कारण मतगणना आज शुरू हो कर रविवार को संपन्‍न होगी। मतगणना में 26 हजार दो सौ पदों के परिणाम घाेषित किए जाएंगे।