तेज बारिश और साथ में हवा के चलते आम व लीची के किसानों को दोगुनी मार पहुंची है। फल बिना पके ही पेड़ों से टूट गए। इधर, कई जगह पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। रात को हुई बारिश के बाद जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो उनके मुंह से हे भागवान निकल पड़ा। हालांकि, कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं किया जा सका है। पढ़ें जिलेवार रिपोर्ट…
सहरसा में सोमवार की रात आंधी- बारिश से भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान दो की मौत हो गयी। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं बिजली रात्रि से ही गुल है। आंधी के दौरान सौरबाजार प्रखंड के धमसैना में घर गिरने से 30 वर्षीया पिंकी देवी की मौत हो गयी।
जबकि सहुरिया पंचायत में बखरी गांव में ठनका गिरने से 55 वर्षीय अधेड़ की मौत है। नवहट्टा प्रखंड के हेमपुर में ठनका गिरने से सांसद प्रतिनिधि संतोष सिंह के घर पर ठनका गिरने से गैस सिलिंडर ब्लास्ट हो गया। इससे घर जल कर राख हो गया। 55 वर्षीय लुकर यादव की मौत हो गई।
बांका में दीवार ढहने से एक वृद्ध जख्मी : बांका जिले में आंधी और बारिश से कई प्रखंडों में बिजली प्रभावित हुई है। जबकि कुछ स्थानों पर पेड़ गिर गए। रजौन में आंधी के कारण दीवार गिरने से वृद्ध बिलास शर्मा की मौत हो गई है।
बताया जाता है कि रात में तेज आंधी और बारिश के बाद पुराने घर होने के कारण गिर गया। दीवार से दबकर वृद्ध गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इलाज के लिए पीएचसी लाया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई है। इधर कृषि विज्ञानी ने बताया कि बारिश से सब्जी फसल को लाभ होगा।
लखीसराय से मौसम पर इनपुट : लखीसराय में आधी रात के बाद हल्की हवा के साथ बूंदाबांदी हुई थी। इस कारण आज का तापमान नरम है। आम को मामूली नुकसान का अनुमान है।
जमुई में बारिश : जमुई में आधी रात के बाद लगभग दस मिनट के लिए हवा के साथ हल्की बारिश हुई थी। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। गर्मी से लोगों को राहत मिली है। बारिश व हवा से आम फसल को नुकसान पहुंचने का अनुमान है।
खगड़िया में बारिश : कल रात आई आंधी और बारिश से मुख्य रूप से विद्युत व्यवस्था पर प्रभाव पड़ा है। खगड़िया शहर में रात में बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह बिजली आई लेकिन 12:00 बजे दिन के बाद से बिजली आपूर्ति बंद है। परबत्ता प्रखंड में भी 10 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बेलदौर के पनसलवा फीडर में रात के 12:00 बजे के बाद से बिजली आपूर्ति बाधित है।