IPL AUCTION :पटना के इशान किशन इस तरह बने आइपीएल का सबसे महंगा खिलाड़ी, नीता अंबानी ने भी लगाई थी बोली

IPL AUCTION : पटना के इशान किशन पर आइपीएल में पहले ही दिन लगी सबसे अधिक की बोली आइपीएल-2022 की नीलामी में सबसे महंगे बिके पटना के इशान किशन ने रचा इतिहास कभी नीता अंबानी ने भी इस खिलाड़ी पर लगाया था दांव

 शनिवार को आइपीएल-2022 की नीलामी के पहले दिन सबसे महंगे 15 करोड़ 25 लाख रुपये में बिके पटना के इशान किशन ने इतिहास रच दिया है। 23 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज आइपीएल इतिहास की नीलामी में दूसरा सबसे महंगा भारतीय और ओवरआल चौथा क्रिकेटर बन गया। इशान के पूर्व 2015 में युवराज सिंह को दिल्ली की टीम ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। बेटे की इस उपलब्धि पर गदगद पिता प्रणव पांडेय ने बताया कि इशान पर सभी की निगाहें थीं, लेकिन उस पर इतनी बड़ी बोली लगने की उम्मीद मुझे नहीं थी।

नीलामी शुरू होने के चार घंटे बाद जब मुंबई ने अपनी पहली बोली में इशान को खरीदा तो पूरे परिवार ने राहत की सांस ली। मुझे खुशी है कि मुंबई इंडियंस ने उस पर भरोसा जताया। मुंबई से उसे काफी कुछ मिला है। उम्मीद करता हूं कि वह विकेटकीपर-बल्लेबाज की दोहरी भूमिका में जोरदार प्रदर्शन कर इस बार सभी को खुश कर देगा।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

सात टीमों के बीच इशान को लेकर चली खींचतान

इशान का बेस प्राइस दो करोड़ था। मुंबई ने ओपनिंग बोली लगाई और इस दौरान रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु, लखनऊ सुपर जाइंट्स, गुजरात टाइटंस, पंजाब सुपर किंग्स, राजस्थान रायल्स को पछाड़ा। आखिर में 13 करोड़ रुपये की बोली से मुंबई को हैदराबाद से दो-दो हाथ करना पड़ा।

15 करोड़ तक हैदराबाद ने इशान पर दांव खेला, लेकिन मुंबई के आगे बढ़ते ही उसने कदम पीछे खींच लिए। मुंबई की यह आइपीएल के 15 साल के इतिहास में सबसे बड़ी बोली है। इसके पहले उसने 2011 में रोहित शर्मा को 9 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था। जो वर्तमान में इस टीम के कप्तान हैं।

गुजरात टीम से इशान ने की आइपीएल की शुरुआत

 2016 में अंडर-19 विश्व कप टीम के कप्तान बनने के बाद आइपीएल फ्रेंचाइजियों की नजर इशान पर पड़ी थी। उसी साल बायें हाथ के इस खब्बू बल्लेबाज को गुजरात लायंस ने 35 लाख रुपये में खरीदा। इशान दो साल गुजरात की ओर से खेले। इस दौरान एक अर्धशतक समेत कुछ अच्छी पारियां उन्होंने खेलीं। एक मैच में मुंबई इंडियंस को हराया और मैन आफ द मैच बने। इस प्रदर्शन के बाद मुंबई की मालकिन नीता अंबानी ने 2018 में इशान पर 6 करोड़ 20 लाख की बोली लगाई। इसी कीमत पर तब से लेकर अब तक इशान पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई से जुड़े थे।

इशान से आगे केवल उनके कप्‍तान रोहित शर्मा

आइपीएल-15 में इशान से आगे केवल उनके कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्हें 16 करोड़ रुपये पर रिटेन किया गया है। इसी टीम में भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (12 करोड़), बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (8 करोड़) और वेस्टइंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड (6 करोड़) को इशान ने पीछे छोड़ दिया है।

नंबर गेम:-

35 लाख में इशान को 2016 में सबसे पहले गुजरात लायंस ने खरीदा था

6 करोड़ 20 लाख रुपये में 2018 में मुंबई इंडियंस ने खरीदा

2022 आइपीएल के लिए मुंबई ने इशान को रिटेन नहीं किया

15 करोड़ 25 लाख में मुंबई ने आइपीएल-15 के लिए खरीदा

1133 रन इशान ने मुंबई के लिए 45 मैचों में बनाए हैं।

61 आइपीएल मैच के 56 पारियों में 28.47 के औसत से 1452 रन बनाए हैं

121 चौके और 74 छक्के इशान अब तक आइपीएल में लगा चुके हैं।

09 बार इशान ने 50 और उससे ज्यादा स्कोर किए हैं

99 रन किशन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है 2020 आइपीएल में आरसीबी के खिलाफ

49 कैच और आठ स्टंप कर चुके हैं इशान अब तक

जानिए क्‍या कहा बचपन के कोच ने

बचपन में इशान किशन के कोच रहे संतोष कुमार ने कहा कि इशान ने जिस मैदान में बचपन बिताया। आज उसी मैदान के प्रशिक्षु अपने हीरो पर लगी इतनी बड़ी बोली से काफी खुश हैं। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद इशान का मनोबल बढ़ेगा और वह दोहरी भूमिका में जरूर कामयाब होगा। पूर्व क्रिकेटर सौरव चक्रवर्ती ने कहा कि इशान को उसकी काबिलियत का इनाम मिला है। टी-20 का वह बड़ा खिलाड़ी है। उसे लगातार मौके दिए गए तो मुंबई इंडिंयंस ही नहीं, बल्कि वह भारत का सबसे बड़ा मैच विनर बनकर उभरेगा।