बिहार में 9 जिलों के लिए ‘लू’ की चेतावनी, पारा पहुंचेगा 42 डिग्री के पार, अलर्ट जारी
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को चार सीटों पर मतदान होगा। चुनावी सरगर्मी के बीच मौसम भी तल्ख है। ऐसे में चुनाव के दिन मौसम का मिजाज गर्म रहेगा।
तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा।
तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच सकता है, 30 किमी प्रतिघंटे से हवा चलेगी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इन जगहों पर अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हालांकि एक-दो दिन में यह 42 डिग्री को पार कर सकता है। वहीं, 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने की संभावना है।
हवा चलने से सुबह और शाम में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन दिन में चिलचिलाती धूप और गर्म हवा मतदाताओं की परीक्षा लेगी। दक्षिण बिहार का इलाका गर्म रहेगा।
हवा चलने के कारण नदी में नाविकों और उस पर सफर करने वाले यात्रियों को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। दक्षिणी हिस्सों के साथ सीवान और गोपालगंज में भी गर्म मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
9 जिलों में लू की चेतावनी
शनिवार को गोपालगंज, सीवान, बक्सर, कैमूर, शेखपुरा, नवादा, लखीसराय, गया और जमुई जिलों में एक-दो जगहों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शेखपुरा 41.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।