बेगूसराय :- प्रखंड प्रमुख रीना देवी की अध्यक्षता में बुधवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों ने अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रही लूटखसोट का सदस्यों ने विरोध किया। सांसद प्रतिनिधि सह पंसस मनोज भारती ने कहा कि आवास सहायक बिचौलियों के माध्यम से 20 से 25 हजार रुपये वसूल रहे हैं। नहीं देने पर लाभार्थियों को नाम काट देने की धमकी देते हैं। इसे समाप्त किया जाय और आम जनता के बीच भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरुकता अभियान चलाया जाए।
प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ एवं सीओ को छोड़कर कोई अन्य अधिकारी नहीं रहते हैं, इसलिए उस विभाग का बुरा हाल है। आम लोगों को अधिकारियों से मिलने में परेशानी होती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं होता है। यही कारण है कि आवास अधूरा रह जाता है।
मनरेगा में वेंडर बदलने के लिए उठाया गया मुद्दा :-मंझौल पंचायत- चार के मुखिया राजेश कुमार ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधियों से आज तक वेंडर की मुलाकात नहीं होती है। पंचायतों में रोजगार सेवक और पीओ कभी नहीं जाते हैं। वेंडर का चयन पंचायत स्तर पर करने की मांग की गई। इस मामले को सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित किया।
गायब अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा :-बैठक से गायब अधिकारियों के खिलाफ आक्रोशित सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया। कहा कि बैठक में प्रखंड कल्याण अधिकारी, प्रखंड कृषि अधिकारी, प्रखंड सहकारिता अधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग, नलकूप विभाग, सीडीपीओ आदि अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हैं। इन सभी विभागों की समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं हो सकी। मौके पर बीपीआरओ हेमनारायण महतो, थानाध्यक्ष अमर कुमार, सीओ योगेश दास, पीओ राम इकबाल पंडित, जिप सदस्य ममता कुमारी, मुखिया रमेश सिंह, रविनेश कुमार राही उर्फ रविश सिन्हा, निरंजन कुमार निराला, उप प्रमुख अरविद सिंह, पूजा कुमारी, सरस्वती देवी, फूलन देवी आदि मौजूद थे।