बिहार में गर्मी से राहत की उम्मीद, दो दिन गरज के साथ होगी बरसात; 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

बिहार में मानसून आने से सभी जिलों में बुधवार से मौसम बदलने जा रहा है। सभी जिलों में अगले दो दिन गरज के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर बिहार के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।

बिहार में मानसून का आगमन समय पर हो गया है। जल्द ही इसका असर पूरे राज्य में दिखने वाला है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक उत्तर बिहार के 10 जिलों में दो दिन गरज के साथ भारी बरसात होने के आसार हैं। वहीं, राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। इससे दक्षिण बिहार में तापमान में गिरावट हो सकती है। यहां के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा पूर्वी यूपी से मध्य बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम से होकर मणिपुर तक गुजर रही है। इससे बिहार के मौसम में बुधवार से बदलाव होने की संभावना है। इससे राजधानी पटना समेत सभी जिलों में बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी इस हफ्ते मौसम परिवर्तन होगा और बारिश संबंधी गतिविधियां बनी रहेंगी। साथ ही राज्य भर में बुधवार से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

पटना समेत चार जिले लू की चपेट में, बक्सर सबसे गर्म…राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के चार जिले मंगलवार को हीटवेव की चपेट में रहे। पटना के अलावा गया, बक्सर और औरंगाबाद में लू का कहर देखा गया। बीते 24 घंटे के भीतर तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से गर्मी का असर और तेज हो गया। बक्सर में मंगलवार को सर्वाधिक 46.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि, बुधवार से इन जिलों में गर्मी से हल्की राहत मिलने के उम्मीद हैं।