अपराधियों की गोली से जख्मी पूर्व पंसस की इलाज के दौरान मौत

शिवहर। अपराधियों की गोली से जख्मी पिपराही थाने के अंबा ओझा टोली निवासी पूर्व पंसस नवीन कुमार झा (55) की पटना में इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम मौत हो गई। पटना से नवीन कुमार झा की मौत की खबर मिलते ही इलाके में मातम छा गया। वहीं नवीन के अंबा ओझा टोली स्थित आवास पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

जदयू नेता राणा रणधीर सिंह चौहान समेत इलाके के सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता नवीन कुमार झा के आवास पर पहुंचे। देर शाम तक लोगों का पहुंचना जारी है। वहीं इलाके के लोग आक्रोशित दिख रहे है। बताते चलें कि, गुरुवार की शाम अपाचे बाइक पर सवार होकर पहुंचे बदमाशों नें नवीन झा को उनके घर के पास गोली मार दी थी। जिससे वह जख्मी हो गए थे। स्वजनों द्वारा इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें सीतामढ़ी स्थित नंदीपत मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उन्हें शुक्रवार को पटना रेफर कर दिया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अंबा ओझा टोली निवासी नवीन झा पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के रिश्तेदार थे। नवीन झा वर्ष 2006 व 2011 में पंसस रह चुके है। नवीन झा के पिता परमहंस झा किसान थे। छोटा भाई नयन झा भी किसानी करते है। परिवार में पत्नी दो पुत्र व एक पुत्री है। नवीन झा की इलाके की राजनीति में अच्छी पैठ थी। वह पूर्व मंत्री सह विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर के भी करीबी थे। उधर,नवीन झा की मौत की खबर के बाद जदयू नेता ठाकुर राणा रणधीर सिंह चौहान समेत विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचकर स्वजनों का दर्द बांट रहे है। वहीं स्थानीय लोगों में जबदरस्त आक्रोश दिख रहा है। बताते चलें कि, गुरुवार की शाम नाराज लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। वहीं कई पुलिसकर्मियों की पिटाई थी। जबकि, शुक्रवार की सुबह सड़क जामकर प्रदर्शन किया था। शुक्रवार की शाम मौत की खबर के बाद लोगों का गुस्सा और अधिक बढ़ गया है।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join