मुजफ्फरपुर : पानी से लबालब एवं खतरनाक होने व हादसों की आशंका के कारण तीन पोखरिया एवं ब्रह्मापुरा पोखर में इस साल छठ पूजा नहीं होगी। वहां पूजा करने वालों के लिए आस-पास कृत्रिम घाट का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पार्षदों द्वारा बताए गए स्थान पर भी कृत्रिम घाट का निर्माण किया जाएगा।
सभी छठ घाटों तक जाने वाले रास्ते को दुरुस्त किया जाएगा। निगम के अभियंताओं को पूरी तत्परता से इस काम को कराना है। इस आशय का निर्णय शनिवार को छठ पूजा की तैयारी को लेकर निगम कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में नगर विधायक विजेंद्र चौधरी, नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय के साथ-साथ वार्ड पार्षदों एवं निगम के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पूजा से पूर्व सभी छठ घाटों को तैयार करने का लक्ष्य तय किया गया।
घाटों की साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा एवं प्रकाश की व्यवस्था तय समय पर पूरा कर लेने को कहा गया। नगर विधायक ने कहा कि सभी घाटों पर साफ-सफाई के साथ अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। प्रकाश के साथ सुरक्षा की भी व्यवस्था हो। छठ घाटों के आस-पास सफाई की व्यवस्था की जाए। नगर आयुक्त ने घाटों तक पहुंचने के सभी रास्तों को दुरुस्त करने के लिए अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में वार्ड पार्षद पवन राम, केपी पप्पू, राजीव कुमार पंकू, अजय ओझा, रंजन शर्मा, रंजू सिन्हा, सुनीता भारती, एनामुल हक आदि ने भाग लिया। वहीं वार्ड पार्षद संजय कुमार केजरीवाल समेत कई पार्षदों ने बैठक की सूचना नहीं देने पर नाराजगी जताई है।