छपरा के जेई शंभूनाथ सिंह निकले धनकुबेर, 5 वर्षों में खरीद डाले 25 प्लॉट, पत्नी, बेटा और बहू के नाम पर खरीदी संपत्ति

छपरा के जेई शंभू नाथ सिंह की अकूत कमाई का अंदाजा, इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने एक-दो नहीं बल्कि 5 वर्ष में 26 अंचल संपत्तियां खरीदी। इसमें पटना में एक फ्लैट के अलावा छपरा में 25 प्लॉट शामिल हैं। ये संपत्तियां खुद, पत्नी, बेटा और पुत्रवधु के नाम पर है।

शंभूनाथ सिंह ने यूं तो वर्ष 2006 में दो प्लॉट खरीदी थी। इसके बाद करीब दस वर्ष तक अचल संपत्ति की खरीद का ब्योरा नहीं मिला है। हालांकि साल 2016 से उन्होंने जमीन खरीद ऐसे की जैसे उनके पास रुपयों की भरमार लग गई थी।

इसी वर्ष उन्होंने छपरा के विभिन्न मौजा में 4 प्लॉट खरीदे। अगले वर्ष यानी 2017 में फिर 7 प्लॉट छपरा के ही अगल-अलग स्थानों पर रजिस्ट्री कराई। एक वर्ष बाद फिर उन्होंने जमीन की खरीद शुरू की। वर्ष 2019 में तो उन्होंने सारे रिकार्ड तोड़ते हुए 9 प्लॉट खरीद लिये।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

इसके बाद भी उनकी जमीन खरीद की भूख शांत नहीं हुई। साल 2020 और 2021 में उन्होंने पटना में एक फ्लैट के अलावा छपरा में 5 जमीन भी खरीदी। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

जेई शंभूनाथ सिंह ने जितनी अचल संपत्तियां खरीदी, इनमें ज्यादातर खुद के और पत्नी के नाम पर है। कई संपत्तियों को संयुक्त रूप से खरीदा गया है। कहीं पत्नी और पुत्रवधू तो किसी जमीन को अपने और पुत्रवधू के नाम पर संयुक्त रूप से खरीदा गया। एक प्लॉट पत्नी और उनके बेटे के नाम पर है। इन अचल संपत्तियों की कीमत कागज पर 2,91,13,600 है। हालांकि वर्तमान में इनका बाजार मूल्य इससे कहीं अधिक होने की संभावना जताई गई है।

Source-hindustan