Bihar Weather: पूर्णिया के रास्ते मानसून ने समय पर बिहार में दी दस्तक, इस दिन पहुंचेगा पटना, हीटवेव की चपेट में 7 जिले

Bihar Weather: बिहार में पूर्णिया के रास्ते मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले 4-5 दिनों में इसके पूरे राज्य में प्रसार होने की संभावना है। हालांकि दक्षिण बिहार के 7 जिले सोमवार को भयंकर लू की चपेट में रहे।

बिहार के लोगों को गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। विपरीत परिस्थितियों से झूझते हुए मानसून ने पूर्णिया के रास्ते बिहार में तय समय पर दस्तक दे दी है। लगातार चौथे साल बिहार में समय पर मानसून आया है।
राज्य में सामान्यतया 13 जून को मानसून पूर्णिया के रास्ते बिहार में दस्तक देता है। सोमवार को मानसून का पूर्णिया में प्रवेश हो गया। हालांकि दक्षिण बिहार के सात जिले सोमवार को हीटवेव और भीषण गर्मी की चपेट में रहे। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी हुई।
अगले तीन से पांच दिनों में राज्य के अन्य हिस्सों में मानसून का प्रसार होगा। इस दौरान उत्तर और फिर दक्षिण बिहार में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। राजधानी पटना और गया में मानसून की पहली बारिश 16 जून को होने की संभावना है। वहीं, सारण में मानसून पहुंचने की तारीख 18 जून है।

मौसम विभाग ने 15 जून से राज्य के अधिकतर हिस्से में गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि राज्य में मानसून के प्रसार के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। अगले 4-5 दिनों मानसून पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा।

मानसून के दस्तक देते ही चार जिलों में झमाझम बारिश…मानसून के राज्य में प्रवेश करते ही उत्तर बिहार के चार जिलों में इसका प्रसार हो गया। अररिया, पूर्णिया, सुपौल और किशनगंज में मानसूनी गतिविधियां देखी गईं। इन इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे के भीतर अररिया के फारबिसगंज में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां 54.5 मिलीमीटर पानी गिरा। इसके अलावा किशनगंज में 52.8 मिमी, अररिया के नरपतगंज में 40.2 मिमी, सिकटी में 38.2 मिमी, किशनगंज के तैयबपुर में 36.6 मिमी और ठाकुरगंज में 36.2 मिमी बारिश दर्ज हुई।

दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी, 7 जिले हीटवेव की चपेट में …दक्षिण बिहार में सोमवार को इस महीने की सबसे ज्यादा गर्मी देखी गई। सात जिले हीटवेव की चपेट में रहे। लोग लू के थपेड़ों से झुलसते रहे। रोहतास में बक्सर में सर्वाधिक 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

वहीं, रोहतास में 44.6, शेखपुरा में 43.2, औरंगाबाद में 44.7, नवादा में 43.9 और नालंदा में 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी पटना में भी पारा दो डिग्री चढ़ गया और अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, मानसून जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा दक्षिण बिहार के शहरों तापमान में गिरावट आएगी।