Bihar Weather: जम्मू से भी ठंडे हैं बिहार के ये 8 शहर, पटना सहित 14 जिलों में दो दिन तक कोल्ड डे की चेतावनी…

Bihar Weather:बिहार में ठंड की स्थिति लगातार बनी हुई है। पर्वतीय प्रदशों से आ रही उत्तरी पछुआ हवाओं का प्रवाह होने से अधिकतर शहरों का न्यूनतम पारा काफी नीचे आया है। बिहार के आठ शहरों का न्यूनतम तापमान जम्मू से नीचे आ गया है। जम्मू का न्यूनतम तापमान शनिवार को 6.9 डिग्री रहा जबकि बिहार के प्रमुख शहरों में गया 6.6 डिग्री, शेखपुरा 6.6 डिग्री, गोपालगंज 6.6 डिग्री, नवादा 6.4 डिग्री, पूसा 6.3 डिग्री, सबौर 6.2 डिग्री, खगड़िया 6.1 डिग्री, बांका 6.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

पटना का तापमान जम्मू के आसपास सात डिग्री दर्ज किया गया। राहत की बात यह है कि सूबे में दिन में धूप निकल रही है, जिससे अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे में तेजी से ऊपर चढ़ा है। हालांकि पिछले दिनों लगातार कनकनी बने रहने की वजह से शनिवार को पटना सहित नौ जिलों में शनिवार को कोल्ड डे (शीत दिवस) रहा। जिन जिलों में शीत दिवस रहा, उनमें पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, रोहतास और दरभंगा शामिल हैं।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में यानी 30 जनवरी को भी दक्षिण पूर्वी बिहार को छोड़कर शेष जिलों में अलग-अलग जगहों पर शीत दिवस की चेतावनी दी गई है। 31 जनवरी की सुबह तक बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद जिले में भारी ठंड की स्थिति बनी रहेगी। बाकी जिलों में राहत के आसार हैं। इसके बाद राज्य भर में ठंड में कमी आने के आसार हैं।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

बांका में सबसे ठंडी रात, मुजफ्फरपुर में रहा सबसे ठंडा दिन

राज्य भर में ठंडी रात बांका और खगड़िया में रही, जहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राज्य भर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री बक्सर में दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 21 डिग्री, भागलपुर का 20.5 डिग्री, गया का 20.7 डिग्री, पूर्णिया का 19.7 डिग्री रहा। सबसे ठंडा दिन मुजफ्फरपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 17 डिग्री रिकार्ड किया गया।

साढ़े तीन डिग्री गिरा पटना का न्यूनतम तापमान

पटना में न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटे में साढ़े तीन डिग्री तक नीचे आया है। नालंदा में न्यूनतम तापमान दो डिग्री नीचे आया है। सुपौल में 2.8 डिग्री, फारबिसगंज में एक डिग्री, सबौर में 2.6 डिग्री, बांका में 2.7 डिग्री, जमुई में 2.7 डिग्री, बेगूसराय में 2.4 डिग्री, पूसा में 3.3 डिग्री, गया में 1.1 डिग्री, नवादा में 1.9 डिग्री न्यूनतम पारे में गिरावट आई है। पटना सहित लगभग 20 जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा है।

20 जगहों पर दस डिग्री से भी से नीचे न्यूनतम पारा

राज्य में 20 जगहों पर दस डिग्री से नीचे न्यूनतम तापमान बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में पटना में 7 डिग्री, गया 6.6 डिग्री, भागलपुर 8.8 डिग्री, पूर्णिया 07.6 डिग्री, वाल्मीकिनगर 07.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर 08.1 डिग्री, छपरा 08.1 डिग्री, दरभंगा 7.8 डिग्री, सुपौल 7.6 डिग्री, फारबिसगंज 9 डिग्री व अन्य कई शहरों में न्यूनतम तापमान इससे नीचे हैं।

अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी से राहत

पछुआ हवा की रफ्तार में आंशिक कमी आई है। साथ ही दिन में धूप निकलने से राज्य के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान ऊपर चढ़ा है। पटना के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। भागलपुर का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री ऊपर चढ़ा है। पूर्णिया में 2.1 डिग्री, सबौर में 1.3 डिग्री, वाल्मीकिनगर में 4.2 डिग्री, पूर्वी चंपारण में 3 डिग्री , वैशाली में 2.1 डिग्री, रोहतास में 3.8 डिग्री अधिकतम तापमान ऊपर चढ़ा है। मुजफ्फरपुर में दिन के तापमान में आंशिक गिरावट आई है।