बिहार में बदला मौसम, दक्षिणी हिस्‍से में छाए रहेंगे बादल; पटना केंद्र ने जारी किया है ये पूर्वानुमान

Bihar Weather Update: बिहार का मौसम काफी तेजी से करवट बदल रहा है। बारिश का सिलसिला थमते ही राज्य के वातावरण में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। शनिवार को वैशाली राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वैशाली में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

वहीं राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस सीतामढ़ी में रिकार्ड किया गया। गया के वातावरण में कोहरा छाया रहा। रविवार को प्रदेश का वातावरण शुष्क रहा।

प्रदेश में बढ़ रहा पछुआ का प्रवाह

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि प्रदेश का वातावरण काफी तेजी से बदल रहा है। ठंडा का प्रभाव धीरे-धीरे खत्म हो रहा है और गर्मी दस्तक दे रही है। प्रदेश में पछुआ का प्रवाह धीरे-धीरे बढ़ रहा है। वर्तमान में धरातल से पांच किलोमीटर ऊपर तक पछुआ का प्रवाह जारी है।

पछुआ की गति में तेजी आने से वातावरण साफ रहने की उम्मीद है। उधर बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण प्रदेश के दक्षिणी भाग के आकाश में बादल छा सकते हैं, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्से का आकाश साफ रहेगा।

 मार्च के आखिर तक काफी बढ़ जाएगी गर्मी

उम्‍मीद जताई जा रही है कि राज्‍य में मार्च के आखिर तक यानी होली के आसपास गर्मी ठीकठाक असर दिखाने लगेगी। यूं भी अप्रैल से राज्‍य में गर्मी अपने पूरे रौ में आ जाती है। फिलहाल तापमान में हल्‍के उतार-चढ़ाव के साथ धीरे-धीरे सुबह-शाम लगने वाली ठंड भी जाती रहेगी और गर्मी का असर बढ़ता रहेगा।

पछुआ हवा के कारण रात के वक्‍त अभी हल्‍की सर्दी महसूस हो रही है। पुरवा हवा बहने पर यह फर्क भी मिट जाएगा। राज्‍य में पुरवा हवा चलने के आसार पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने कुछ दिनों पहले ही जारी किया था, हालांकि अभी इसमें कुछ वक्‍त लग सकता है।