पटना। पटना के कंकड़बाग इलाके में किन्नर (ट्रांंसजेंडर) की हत्या किए जाने से उसके साथी भड़क गए। मंगलवार को किन्नरों जमकर हंगामा किया। कंकड़बाग थाना क्षेत्र के श्री राम हॉस्पिटल के पास उनलोगों ने आवागमन बाधित कर दिया। इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। ईंट-पत्थर भी चलाए। कई गाड़ियों को उलट-पलट दिया। वे जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। इस दौरान पुलिस के अधिकारियों के साथ भी धक्का-मुक्की कर दी। करीब तीन घंटे बाद वे शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चिरैयाटांड़ पुल के नीचे से गंभीर हालत में मिला था
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे चिरैयाटांड़ पुल के नीचे सोनी देवी उर्फ सन्नी नामक किन्नर को गंभीर हालत में बरामद किया गया था। उसे पास के श्रीराम अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जांच-पड़ताल में पता चला कि सीने में गोली मारी गई है। इसकी खबर मिलते ही बड़ी संख्या में किन्नर वहां पहुंचकर उत्पात मचाने लगे। शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया।
सड़क पर जमकर मचाया उत्पात
इसके बाद उनलोगों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। वे काफी आक्रोशित थे। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। उनकी वजह से वहां काफी देर तक अफरातफरी मची रही। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस कारण गली-मोहल्ले की सड़कों पर भी जाम लग गया। समझाने पहुंची पुलिस के साथ भी किन्नरों ने धक्का-मुक्की की। एएससपी व उनके गार्ड के साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की कर दी गई। इस घटना में दो तीन जवान सहित एएसपी मामूली रूप से जख्मी हुए है। अब स्थिति सामान्य है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी होंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। काफी समझाने के बाद दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और रास्ता खाली कराया।