बिहार में बारिश का कहर, इन 5 जिलों में रेड और 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी

बिहार में बारिश का कहर, इन 5 जिलों में रेड और 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बिहार के 5 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज शामिल हैं। वहीं 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा पटना समेत 13 जिलों में अचानक बाढ़ आने की आशंका है। इसके लिए चेतावनी जारी कर दी गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से यह चेतावनी जारी की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने इन जिलों के डीएम से कहा है कि अगले 24 घंटे तक अलर्ट रहने की जरूरत है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखें। उधर, नेपाल और बिहार से सटे तराई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इसके कारण शनिवार को गंडक और कोशी में 5 से 6 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने का भी अलर्ट जारी किया गया है। कोशी इलाके के कई गांवों में बाढ़ की संभावना बढ़ गई है।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

पटना समेत इन 13 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से राज्य के 13 जिलों के साथ अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान अगले 24 घंटे में जिले के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के आधार पर जिला प्रशासन की ओर से सभी के लिए अलर्ट जारी किया गया है। डीएम ने पूरे जिला आपदा प्रबंधन तंत्र को एसओपी के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित करने और अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

लौट सकता है मानसून

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि राज्य में मानसून अभी भी सक्रिय है। 30 सितंबर से राज्य में मानसून की वापसी होगी, लेकिन मौजूदा स्थिति के अनुसार इसमें कुछ समय लग सकता है। फिलहाल उत्तर-पश्चिम बंगाल में हवा का कम दबाव बना हुआ है, जिसका असर अगले 24 घंटे में देखने को मिल सकता है। इससे पटना जिले में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ सकता है। शुक्रवार को शहर में दिनभर हल्की बूंदाबांदी होती रही। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।