बिहार में मानसून पकड़ रहा रफ्तार; इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 6 जिले अब भी लू की चपेट में

बिहार में मानसून पकड़ रहा रफ्तार; इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 6 जिले अब भी लू की चपेट में

मंगलवार से राज्य में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल होती जा रही हैं। बिहार में मानसून की बेरुखी और सूरज की तल्खी के कारण उमस भरी गर्मी से लोग अभी भी परेशान हैं।

पटना समेत 5 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

राज्य के एक-दो जिलों में ही भारी बारिश हो रही है। इसके अलावा अन्य जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई। जून में अब तक सामान्य से 60 फीसदी कम बारिश हुई है। राज्य में पूर्वी हवाएं चलने के कारण नमी वाली हवा का प्रवाह जारी है। जिससे उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तर बिहार के कुछ स्थानों पर वज्रपात की गतिविधियों के कारण गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, दक्षिण बिहार के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। जबकि मंगलवार से बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। रविवार को भभुआ, लखीसराय, पश्चिमी चंपारण, नवादा, किशनगंज, गया, पटना, बांका, अररिया, कटिहार, मुंगेर, जमुई, रोहतास, सीतामढ़ी जिलों में 22 स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तर बिहार के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी हिस्से के कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। वहीं, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। जबकि बुधवार को राज्य के अधिकांश जिलों में कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तूफान के साथ बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है।

राज्य में मानसून के प्रवेश के बावजूद लोगों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। हालांकि, 20 जून को मानसून के प्रवेश के बाद राज्य के लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली थी। लेकिन सूर्य के कड़े तेवर के कारण राज्य एक बार फिर धीरे-धीरे भीषण गर्मी की चपेट में आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को डेहरी, गोपालगंज, भोजपुर, औरंगाबाद, अरवल और वैशाली भीषण गर्मी की चपेट में रहे। राज्य के सबसे गर्म जिले बक्सर और वैशाली रहे, जहां अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रहा। 10 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।

पटना में सूरज की तीखी तपिश के कारण रविवार को अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसके कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास हुआ।