बिहार मौसम आज: अभी और सताएगी गर्मी, पटना समेत कई शहर लू से झुलसे, बक्सर में पारा 45 के पार
शनिवार को भी पटना भीषण गर्मी से झुलसता रहा। राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पारे का यह स्तर इस सीजन में सबसे अधिक है। इससे पहले 28 मई को पटना का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया था।
बिहार में कब आएगा मॉनसून? मौसम विभाग का बड़ा अपडेट, 2 दिनों तक हीट वेव का अलर्ट
शनिवार को पटना के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। पिछले 6 दिनों के दौरान यहां अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बक्सर में 45.3 डिग्री रहा।
शनिवार को पटना के साथ गया, जमुई, गोपालगंज, नालंदा, जीरादेई और मुंगेर भी लू की चपेट में रहे। वहीं, शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, बांका, नवादा और अरवल में भीषण गर्मी का कहर बरपा।
इधर, मौसम विभाग ने रविवार को चार जिलों बांका, भागलपुर, जमुई और पूर्वी चंपारण में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, दक्षिण बिहार के एक-दो स्थानों पर भी लू चलने की आशंका है। दक्षिण बिहार और उत्तर बिहार के शेष हिस्सों में भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी। अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
शनिवार को पटना समेत राज्य के 26 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबकि, 9 शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बक्सर 45.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा।
जबकि पटना का अधिकतम तापमान 43, गोपालगंज 42.2, जीरादेई 43.4, छपरा 42.3, वैशाली 44.5, भोजपुर 44.3, मुंगेर 41.4, सासाराम 44, अरवल 44.5, नालंदा 43.5, शेखपुरा 44.2, बांका 43.7, जमुई 42.4, नवादा 43.9, गया 44, औरंगाबाद 44.6 और डेहरी का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 6 दिनों में राजधानी पटना के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।