अब क्‍या करेंगे मंत्री मुकेश सहनी, कहा- मंत्रिमंडल से हटाना या रखना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार

Bihar Politics: विकासशील इनसान पार्टी के संस्थापक सह पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी (Minister Mukesh Sahani) ने कहा है कि वे राज्य सरकार में मंत्री रहेंगे या नहीं, इसका फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) को करना है। मुझे रखने या हटाने का विशेषाधिकारी मुख्यमंत्री के पास है। मेरा काम संघर्ष करना है और मैं वह करता रहूंगा। पार्टी के तीनों विधायकों (मिश्री लाल, स्वर्णा सिंह और राजू सिंह) के भाजपा में शामिल होने के बाद सहनी पहली बार प्रेस से बात कर रहे थे।

चार गए तो क्‍या हुआ, 40 जीतेंगे :- सहनी ने कहा कि उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है। वे संघर्ष करेंगे। उन्होंने उदाहरण देकर कहा कि भाजपा ने इसके पहले जदयू के छह विधायकों को तोड़ा था। हमारे चार विधायक (दिवंगत हो चुके मुसाफिर पासवान को जोड़कर) गए हैं तो हम 40 जीतेंगे। उन्होंने एक बार फिर दोहराया वे राजनीति में पद की लालसा लेकर नहीं आए हैं। वे अति पिछड़ा और निषाद आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अपनी आखिरी सांस तक लड़ेंगे। तीन विधायकों के जाने के बाद वे और मजबूती के साथ अपनी मुहिम को आगे बढ़ाएंगे।

यूपी चुनाव के समय से ही भाजपा पर हमलावर थे मुकेश सहनी :- बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव के समय से ही मुकेश सहनी लगातार भाजपा पर हमलावर थे। उन्‍होंने भाजपा को हराने के लिए जी जान लगा दिया था। वहां सफलता नहीं मिलने के बाद बिहार लौटने पर उन्‍होंने विधान परिषद उपचुनाव में जदयू को छोड़ उन जगहों पर अपने उम्‍मीदवार दिए जहां भाजपा के प्रत्‍याशी मैदान में थे।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

इसके बाद भी उनके तेवर कम नहीं हुए। बोचहां विधानसभा उपचुनाव में भी उन्‍होंने प्रत्‍याशी खड़ा कर दिया। कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा चुप नहीं बैठेगी। नतीजा हुआ कि मुकेेश सहनी अब बिना विधायक वाली पार्टी के नेता रह गए हैं।  अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि उनका अगला कदम क्‍या होगा।