Muzaffarpur Weather Update: एक दिन के अंतराल के बाद फिर बदला मौसम का मिजाज

मौसम के मिजाज में आज फिर से बदलाव नजर आ रहा है। खासकर हवा की दिशा बदलने की संभावना है। यदि पूर्वानुमान के अनुसार ही सबकुछ हुआ तो इसके साथ ही मौसम के ट्रेंड में आज फिर परिवर्तन दिखने की संभावना है। एक तरह से कहा जाए तो एक दिन के अंतराल के बाद मौसम अपने पुराने रंग में आ गया है।

वैसे गुरुवार की सुबह का मौसम सामान्य दिनों की तरह ही है। इस समय के तापमान की बात की जाए तो 20 डिग्री के आसपास है। आसमान पूरी तरह से साफ है। अभी हवा की दिशा पूरब दक्षिण पूरब है। यूं तो आर्द्रता में कमी आई है, लेकिन आज की सुबह यह 69 प्रतिशत है।

हवा की दिशा बदलने का असली प्रभाव आज दिन के समय देखने को मिलेगा। गुजरते वक्त के साथ हवा की दिशा बदलकर पश्चिम दक्षिण और पश्चिम होने का पूर्वानुमान है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग व एक्यूवेदर की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

हवा की गति 13 किमी प्रति घंटा रहने का पूर्वानुमान है। इस तरह से देखा जाए तो बुधवार की तुलना में गुरुवार अपेक्षाकृत गर्म दिन रहने वाला है। हालांकि यह बदलाव आंशिक स्तर पर हुआ है। शाम और रात की बात करें तो विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है। रात के समय का अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान पछिया हवा चलेगी। इसकी रफ्तार 9 किमी प्रति घंटा होने का अनुमान है। दिन के किसी वक्त आसमान में बादल नहीं रहेगा और न ही बारिश की संभावना है।

बुधवार को सुबह से ही धूप में तल्खी रही। दोपहर में सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। इस बीच अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विश्वविद्यालय पूसा के वरीय मौसम व जलवायु विज्ञानी डा. ए. सत्तार के मुताबिक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अब लगातार वृद्धि होगी।

पछुआ हवा के कारण हवा में नमी की मात्रा 40 फीसदी से कम होने से धूप में तीखापन आ गया है। अगले तीन दिनों तक तापमान में और तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री और रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।