Weather Update: रात के तापमान में मामूली बदलाव संभव, जानें पूर्वानुमान

Weather News Update :मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार के जिलों में तापमान के बढ़ने का क्रम जारी है। रविवार को भी यह ट्रेंड बरकरार रहने की उम्मीद है। आज रात के तापमान में मामूली बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

जिला समेत पूरे उत्तर बिहार के मौसम के मिजाज में जिस गति से बदलाव देखने को मिला है उससे सभी अचंभित हैं। मध्य फरवरी तक कड़ाके की सर्दी और अब एक माह के अंदर-अंदर तापमान 35 डिग्री के बेंचमार्क को छूने को तैयार है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में इस ट्रेंड में आज यानी रविवार के दिन भी कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा है। हवा की दिशा में भी कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। एक मामूली अंतर रात के तापमान में देखने को मिल सकता है।

डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विज्ञान विभाग और एक्यूवेदर की ओर से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि रविवार की सुबह मौसम में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिलेगा। आज की सुबह का तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा से आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रहेगी। आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

बादल का दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं है। दिन चढ़ने के साथ ही साथ तापमान में बढ़ोतरी का क्रम भी शुरू हो जाएगा। आज दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। हवा की गति सुबह की तुलना में थोड़ी अधिक रह सकती है।

11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछिया चलेगी। शाम और रात के समय भी मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान विभाग ने लगाया है। रात के तापमान की बात करें तो यह शनिवार की तुलना में एक डिग्री कम होने अनुमान है। यानी आज की रात का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रह सकता है। हालांकि यह किसी बड़े बदलाव का संकेत नहीं है। बारिश की अभी कोई संभावना नहीं है।

मौसम वैज्ञानिक डा. ए सत्तार ने कहा, अगले 4-5 दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

इस दौरान औसतन 9 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 60 से 70 प्रतिशत तथा दोपहर में 30 से 40 प्रतिशत रहने की संभावना है।