मौसम में घुलने लगी वसंती बयार, ठंड में कमी आने से लोगों ने ली राहत की सांस

मधेपुरा : जिले में अब मौसम सामान्य होने लगा है। पिछले कई दिनों से जारी ठंड का असर कम होने लगा है। जबकि रात में ठंड सामान्य होने लगा है। आलम यह है कि रात में लोग रजाई के बदले मोटे चादर से काम चला रहे हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान की मानें तो आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूर्वानुमान की अवधि में आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस अवधि में 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चल सकती है। कोहरे का असर नहीं रहने के कारण वाहन चालकों को भी सुविधा हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र अगवानपुर, सहरसा के मौसम वैज्ञानिक अशोक कुमार पंडित की माने तो इस साल अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने के कारण ठंड का असर बरकरार है।

ईख की रोपनी को लेकर खेत तैयार करें किसान

कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डा. मिथिलेश कुमार राय ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम शुष्क रहने की संभावना को देखते हुए समय पर बोयी गई गेहूं की फसल गाभा की अवस्था में पहुंच गई है। बसंत काल में होने वाली ईख की बुआई के लिए खेत तैयार करें। ईख की रोपनी भी शुरू की जा सकती है। गरमा मक्का की बुआई के लिए मौसम अनुकूल हो रहा है। खेतों की तैयारी शुरू की जा सकती है। गरमा मौसम के सब्जियों की बुआई के लिए भी खेत तैयार करने की जरूरत है। जो किसान अभी खेतों की तैयारी में लगे हैं वे 150-200 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की दर से गोबर खाद का छिड़काव करें। इससे फसल की पैदावार अधिक होगी। शुष्क मौसम को देखते हुए आलू की तैयार फसल की खुदाई भी की जा सकती है।

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join