आज से चलेगी पुरवइया, न्यूनतम तापमान तीन डिग्री ऊपर चढ़ेगा

सूबे में अभी दक्षिणी-पश्चिमी हवा चल रही है लेकिन शनिवार से पुरवइया चलने के आसार हैं। नतीजतन राज्यभर के मौसम में बदलाव के आसार हैं। अगले दो-तीन दिनों तक रात का तापमान ( न्यूनतम तापमान) दो डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। साथ ही 26 दिसंबर से पटना सहित राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक बादल दिख सकते है।

मौसमविदों के अनुसार, 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावों से 30 दिसंबर तक बारिश के आसार हैं। बादल छाने और बारिश होने पर सूबे के शहरों का अधिकतम तापमान तेजी से नीचे आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अलर्ट जारी कर कहा गया है कि तीन दिनों तक सूबे में शीतलहर की स्थिति रह सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान में कमी की स्थिति अगले एक हफ्ते तक बनी रहेगी। जिससे 30 के बाद भी शीतलहरी जैसा एहसास रहेगा। अभी सूबे में मौसम शुष्क और स्थिर बना हुआ है।हिमालय की तराई से सटे जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, किशनगंज, अररिया, सीतामढ़ी में रात के तापमान में दो डिग्री तक गिरावट के आसार हैं।

क्या है पश्चिमी विक्षोभ

Whatsapp Group Join
Telegram channel Join

पश्चिमी विक्षोभ की उत्पत्ति कम दबाव वाले क्षेत्र भूमध्यसागरीय क्षेत्र, यूरोप के अन्य भागों और अटलांटिक महासागर में होती है। ये अशांत हवाएं भारत में पश्चिम दिशा से प्रवेश करती हैं, इसलिए इन्हें पश्चिमी विक्षोभ कहा जाता है। ये विक्षोभ चक्रवातीय वर्षा लाते हैं जो भारत के शीतकालीन फसलों जैसे गेहूं, दलहन, तिलहन आदि के लिये लाभकारी होता है। ये विक्षोभ पश्चिमी रबी फसल में लाभकारी सहायक होते हैं।

हवा की गति और दिशा बदली

पिछले 24 घंटों में पश्चिमी हवा की गति में कमी आई है। साथ ही हवा की दिशा में भी आंशिक बदलाव हुआ है। सूबे में मौसम शुष्क बना हुआ है। विगत 24 घंटों में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। औसत न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे ठंडा गया रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भागलपुर में 11.5 डिग्री, पटना में 8.8 डिग्री, पूर्णिया में 10.7 डिग्री सेल्सियस, वाल्मीकिनगर में 10.5 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 12.1 डिग्री, सारण में 10.5 डिग्री, दरभंगा में 11.5 डिग्री, सुपौल में 10.6 डिग्री, अररिया में 12 डिग्री, सबौर में 9.4, मोतीहारी में 10.6 डिग्री, शेखपुरा में 9.4 डिग्री, गोपालगंज में 9.5 डिग्री, औरंगाबाद में 8.6, पूसा में 8.4 डिग्री दर्ज किया गया।

Source-hindustan