भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने मंगलवार की देर शाम को झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया है.
नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए घोषित की गईं प्रत्याशी और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराने का फैसला किया है.
भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में मंगलवार की देर शाम को झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को देश के अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए एनडीए का उम्मीदवार घोषित किया गया है.
समाचार एजेंसी एएनआई ने मामले से जुड़े अधिकारी के हवाले से खबर दी है कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई है. अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के साथ आज से ही सशस्त्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों द्वारा चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे.
बता दें कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होना है और 29 जून तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी. विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया गया है.